प्रयागराज (यूपी) : यमुनानगर के मेजा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकुरकटवा (नीबी) गांव में एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की देर रात नृशंस हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मंगलवार सुबह शव बरामद होने के बाद ग्रामीणों में मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार रात करीब 1:30 बजे हुई इस वारदात में तीनों पीड़ितों को उनके घर से करीब 20 मीटर दूर धारदार हथियार से हमला कर पीट-पीटकर मार डाला गया। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- अमरावती देवी (65 वर्ष), पत्नी नींबूलाल
- इंद्रावती देवी (60-62 वर्ष), पत्नी दूधनाथ
- श्याम लाल गुप्ता उर्फ कल्लू गुप्ता (65 वर्ष), पुत्र गुलजार
श्याम लाल परिवार के सबसे बड़े भाई थे। परिवार में पहले ही दो भाइयों की मौत हो चुकी थी। घर में श्याम लाल, उनकी विक्षिप्त पत्नी फूलकली, अमरावती देवी और इंद्रावती देवी रहते थे।
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने पीड़ितों को सोते हुए उठाया और दौड़ा-दौड़ाकर नृशंस तरीके से मार डाला। घटनास्थल पर खून से सने निशान और बिखरी हुई स्थिति ने हत्याकांड की बर्बरता को दर्शाया।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही प्रयागराज पुलिस में हड़कंप मच गया। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। एसओजी और क्राइम ब्रांच को भी जांच सौंपी गई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पड़ोसी युवक पर मुख्य रूप से प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या का आरोप है। मामले की छानबीन तेजी से चल रही है। इस घटना के बाद रामनगर पुलिस चौकी के दरोगा राम विलास को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
गांव में मातम
कुकुरकटवा गांव के लोग सदमे में हैं। तीनों बुजुर्ग परिवार के मुख्य सदस्य थे और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374