बागपत : एक बार फिर प्रेम के नाम पर एक दर्दनाक घटना सामने आई है। हिलवाड़ी गांव के लक्की और बिनौली क्षेत्र की नाबालिग लड़की ने सोमवार को छपरौली मार्ग स्थित एक होटल में जहरीला पदार्थ निगल लिया। प्रेमिका की मौके पर मौत हो गई, जबकि लक्की की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लक्की और उसकी प्रेमिका दोनों परिवार ईंट भट्ठों पर मजदूरी करते हैं। करीब एक साल पहले बिनौली क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर दोनों की मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गया।
23 मार्च 2026 को दोनों घर से फरार हो गए थे। लड़की के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और 27 मार्च को दोनों को ढूंढ निकाला। जांच में लड़की नाबालिग पाई गई। न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि लक्की को जेल भेज दिया गया। बाद में लक्की जमानत पर बाहर आ गया।
सोमवार को दोनों फिर मिले और छपरौली रोड स्थित एक होटल में कमरा लेकर गए। वहां दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। प्रेमिका की मौत हो गई, जबकि लक्की को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से दिल्ली रेफर किया गया।
परिवार की प्रतिक्रिया
प्रेमिका सोमवार को ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रही थी। घर से चाय लाने की बात कहकर वह गई और वापस नहीं लौटी। दो घंटे बाद पुलिस ने परिवार को होटल में जहरीला पदार्थ खाने की सूचना दी। परिवार वाले कोतवाली पहुंचे, लेकिन पोस्टमार्टम हाउस नहीं गए।
पुलिस जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लक्की के होश में आने पर उसका बयान दर्ज किया जाएगा। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान और होटल की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374