Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

पटना : TRE-4 अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस का लाठीचार्ज, कई छात्र घायल - INA NEWS

पटना : टीआरई-4 (TRE-4) का विज्ञापन तुरंत जारी करने और बीपीएससी नियमावली में बदलाव की मांग को लेकर पटना में अभ्यर्थियों का बड़ा प्रदर्शन शुक्रवार को उग्र हो गया। पटना कॉलेज से शुरू हुआ विरोध मार्च जब जेपी गोलंबर पहुंचा तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए।

छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में हजारों अभ्यर्थी पटना कॉलेज से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) कार्यालय की ओर मार्च निकाल रहे थे। जेपी गोलंबर पर पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी उग्र हो गए, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। कई अभ्यर्थी घायल हुए हैं। कुछ छात्र नेताओं को हिरासत में भी लिया गया है।

अभ्यर्थियों की मांग और आरोप
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से लाखों युवा TRE-4 की वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा, “एक वर्ष से शिक्षा मंत्री बार-बार आश्वासन दे रहे हैं कि 10-15 दिनों में विज्ञापन जारी हो जाएगा। चुनाव से पहले और दौरान भी बार-बार वादा किया गया, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। BPSC को अधियाचना मिलने के बावजूद विज्ञापन जारी नहीं किया जा रहा है।”

उन्होंने शिक्षा विभाग और BPSC पर लाखों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। दिलीप कुमार ने चेतावनी दी, “अगर जल्द से जल्द TRE-4 का विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो पटना में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।”

फिलहाल स्थिति
पुलिस ने जेपी गोलंबर क्षेत्र में भारी तैनाती कर दी है। घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। अभी तक आधिकारिक रूप से पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
यह आंदोलन बिहार में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी को लेकर बढ़ते असंतोष का नतीजा माना जा रहा है। अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

Post a Comment

0 Comments