फतेहपुर सीकरी (उत्तर प्रदेश) : विश्व धरोहर नगरी फतेहपुर सीकरी में शुक्रवार सुबह एक विदेशी महिला पर्यटक पाथवे की खराब स्थिति के कारण गिरकर घायल हो गई। घटना गुलिस्तां सुपर मार्केट के पास हुई, जहां उबड़-खाबड़ पत्थरों और बाहर निकली सरिया के कारण महिला ठोकर खाकर गिर पड़ीं।
जानकारी के अनुसार, पुर्तगाल और स्पेन के लगभग 22 विदेशी पर्यटकों का एक दल शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दिल्ली-आगरा भ्रमण के बाद फतेहपुर सीकरी पहुंचा था। गाइड संतोष सिंह के साथ भ्रमण कर रहे पर्यटक जयपुर रवाना होने से पहले यहां स्मारक देखने वाले थे। सभी पर्यटक गोल्फ कार्ट स्टैंड की ओर जा रहे थे, तभी गुलिस्तां सुपर मार्केट के पास बने रैंप पर महिला पर्यटक कोंसेइसाओ गिर गईं। उनके चेहरे पर चोट आई।
घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत महिला को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दल के साथ छोड़ दिया गया। इसके बाद बाकी पर्यटक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्मारक भ्रमण पर रवाना हो गए।
गाइड ने जताई चिंता
गाइड संतोष सिंह ने बताया कि गोल्फ कार्ट स्टैंड तक जाने वाले इस मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल मरम्मत की मांग की है और कहा, “लापरवाही के चलते भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। विदेशी पर्यटक यहां बड़ी संख्या में आते हैं, उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन की है।”
वहीं, गुलिस्तां टूरिस्ट कंपलेक्स के प्रबंधक ने दावा किया कि महिला पर्यटक जाते समय ध्यान भटकने के कारण गिर गई थीं।
फतेहपुर सीकरी यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है और देश-विदेश से हजारों पर्यटक रोजाना यहां आते हैं। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374