जयपुर: जयपुर पुलिस ने एआई तकनीक और सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला उजागर किया है। थाना अशोकनगर पुलिस ने भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के नाम और लेटरहेड का गलत इस्तेमाल कर 30 करोड़ रुपये का फर्जी टेंडर तैयार करके सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को महज 12 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने किसी आर्थिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि एक बड़ी सोशल मीडिया और प्रचार कंपनी में नौकरी पाने के उद्देश्य से यह फर्जीवाड़ा किया। उसने एआई टूल्स, लैपटॉप और इंटरनेट की मदद से भाजपा आईटी सेल, संगठनात्मक लेटरहेड और पदाधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर जाली दस्तावेज तैयार किए।
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि भाजपा नेता अजय कुमार विजयवर्गीय की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि भाजपा पदाधिकारियों और संगठन की पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है।
जांच में पता चला कि आरोपी ने “NAMODOOT RAJASTHAN CAMPAIGN Election Outreach & Ground Mobilisation Programme” नाम से फर्जी दस्तावेज बनाए थे। इनमें भाजपा आईटी सेल नई दिल्ली और अमित मालवीय के नाम का इस्तेमाल करते हुए 30 करोड़ रुपये के टेंडर, ईएमडी राशि और अन्य वित्तीय विवरण दिए गए थे।
पुलिस ने आरोपी को सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी प्रोफाइल मजबूत करने और नौकरी हासिल करने के लिए यह हरकत कर रहा था।
पुलिस इस मामले में आगे की तकनीकी जांच कर रही है कि आरोपी ने अकेले काम किया या कोई और भी इसके पीछे शामिल है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374