मेरठ: लोहियानगर के स्टार हेरिटेज मैरिज होम में वलीमा दावत के दौरान दो भाइयों और ढाई साल के मासूम को गोली मारने वाले तीनों मुख्य आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में तीनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि हेड कांस्टेबल मोहित कुमार भी जख्मी हुए हैं।
एसएसपी अविनाश पांडेय के निर्देश पर गठित छह पुलिस टीमों ने शुक्रवार रात कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। बाजोट अंडरपास के पास जब पुलिस टीम ने बाइक सवार तीन आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल मोहित कुमार घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी जुनैद उर्फ काला और उवैश के पैर में गोली लग गई। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी सुहैल मौके से भागने में सफल हो गया, लेकिन बाद में परतापुर क्षेत्र में पुलिस ने उसे घेर लिया। सुहैल ने भी पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में उसके पैर में गोली लगी और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इनाम घोषित था
वारदात के बाद एसएसपी अविनाश पांडेय ने मुख्य आरोपियों जुनैद और सुहैल पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपियों को घेरने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें सभी तीनों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्य आरोपियों का पिता जाहिद अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
मामला
इससे पहले लोहियानगर थाना क्षेत्र के स्टार हेरिटेज मैरिज होम में वलीमा की दावत के दौरान हुई गोलीबारी में दो भाई और ढाई वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को इस मामले में मुख्य आरोपी माना था।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374