अमरोहा : रामायण पाठ में शामिल श्रद्धालुओं को बेकाबू डंपर ने रौंद दिया। इस हादसे में 5 वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। डंपर चालक घटना के बाद कूदकर भाग निकला। हादसा अमरोहा देहात क्षेत्र के छावी गांव के मंदिर में सोमवार शाम रामायण पाठ के दौरान हुआ। मंदिर में बड़े मंगल के अवसर पर पाठ चल रहा था।
परम सिंह (70), निवासी छावी गांव , महिपाल (42), निवासी नारायणपुर ,आर्यवीर (5), निवासी शहबाजपुर पट्टी (रजबपुर थाना क्षेत्र) , मासूम आर्यवीर अपनी ननिहाल छावी गांव आया हुआ था और मंदिर में पाठ में शामिल होने गया था।
पुलिस के अनुसार, डंपर अचानक बेकाबू हो गया और मंदिर के पास खड़े व बैठे श्रद्धालुओं पर चढ़ गया। चालक ने मौके पर से कूदकर भागने की कोशिश की, जिस कारण डंपर पूरी तरह से अनियंत्रित हो गया। हादसे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
घायलों की हालत
हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
उत्तेजित भीड़ ने लगाया जाम
मृतकों के शव देखकर गुस्साए लोगों ने शाम करीब 6:30 बजे महिपाल का शव अमरोहा-कांठ रोड पर रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और भागे हुए डंपर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को देखते हुए अमरोहा देहात थाने के अलावा कई अन्य थानों की पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अफसरों ने बमुश्किल समझा-बुझाकर रात 8:30 बजे जाम खुलवाने में सफलता पाई। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया गया।
वर्तमान स्थिति
क्षेत्र में अभी भी तनाव बना हुआ है। पुलिस ने भारी बल की तैनाती कर दी है और कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त ड्यूटी पर लगाया गया है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374