कानपुर : वृद्धावस्था में अपनों से सम्मान और सहारा मिलने की बजाय क्रूरता और प्रताड़ना के दो मामले कानपुर में सामने आए हैं। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बर्तन मांगने गई बुजुर्ग मां को बेटे-बहू ने लाठियों से पीटा, वहीं कोहना थाना क्षेत्र में संपत्ति के लालच में बहू ने 70 वर्षीय सास को पीट-पीटकर प्रताड़ित किया और उनका सामान आग के हवाले कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, कल्याणपुर थाना क्षेत्र निवासी फूलमती ने बताया कि पति के निधन के बाद वह बेटे सूरज और बहू आरती के साथ रह रही थीं। कुछ समय बाद बेटे-बहू का व्यवहार बदल गया। गाली-गलौज से शुरू होकर मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि बेटे-बहू ने उन्हें अपने ही घर से धक्के मारकर निकाल दिया।
मजबूरन फूलमती किराए के मकान में रहने लगीं। 13 मई की शाम 7 बजे जब वह अपने पुराने घर में रखे कुछ बर्तन लेने गईं तो बेटे-बहू ने धक्का मारकर भगा दिया। उसी रात करीब 10 बजे बेटा और बहू किराए के मकान पर पहुंचे और लाठी-डंडों से बुजुर्ग महिला को बुरी तरह पीटा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। फूलमती ने कल्याणपुर थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि वृद्धा की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कोहना: 70 वर्षीय सास को छाती पर चढ़कर पीटा, सामान जला दिया
कोहना थाना क्षेत्र के पुराना कानपुर निवासी 70 वर्षीय गायत्री देवी ने बहू खुशबू यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गायत्री देवी अपने बेटे रामलखन यादव, बहू खुशबू और पोतों के साथ रहती हैं। आरोप है कि बहू संपत्ति पर कब्जा चाहती है और इसी वजह से लगातार मारपीट व प्रताड़ना कर रही है। 14 अप्रैल को बहू ने सास को गिराकर पीटा था। 12 मई की रात करीब 1:30 बजे बहू ने घर में हंगामा किया। कमरे से कपड़े और अन्य सामान के बक्से निकालकर छत पर ले गई और आग लगा दी। जब गायत्री देवी ने विरोध किया तो बहू ने गाली-गलौज की, धक्का दिया और छाती पर चढ़कर बैठकर पीटा। जान से मारने की धमकी भी दी।
शुरुआत में कोहना थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन सुनवाई न होने पर बुजुर्ग महिला ने पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई। इसके बाद कोहना थाने में खुशबू यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। थानाप्रभारी प्रतीक सिंह ने इसकी पुष्टि की।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374