लखनऊ : राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह वकीलों के अवैध चैंबरों पर बुलडोजर चला दिया गया। हाईकोर्ट के आदेश पर नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। इस दौरान वकीलों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, नारेबाजी की और पुलिस-प्रशासन के साथ बहस भी हुई। प्रदर्शन कर रहे वकीलों पर पुलिस ने लाठियां भी फटकारीं। हंगामे के बीच एक वकील ने खुद को चैंबर के अंदर बंद कर लिया और फांसी लगाने की कोशिश की। उसने आरोप लगाया कि उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया।
एक महिला वकील ने कहा, “कुछ लोगों की मिलीभगत से यह सब गलत हो रहा है। जहां हम बैठकर काम करते थे, उसी जगह को हटाया जा रहा है। अगर चैंबर गिराने से पहले हमें बैठने के लिए कोई वैकल्पिक जगह दे दी जाती तो ज्यादा उचित होता।” वकीलों का कहना है कि हाईकोर्ट ने 72 चैंबरों को चिन्हित कर गिराने का आदेश दिया था, लेकिन उन खास चैंबरों पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बजाय आम वकीलों के चैंबर तोड़ दिए गए। कुछ चैंबरों पर तो निशान भी नहीं लगाए गए थे, फिर भी उन्हें गिरा दिया गया।
प्रशासन की कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर की जा रही है। अवैध निर्माणों को हटाने के लिए सुबह से ही अभियान चलाया गया। घटना स्थल पर तनावपूर्ण माहौल रहा। वकीलों के विरोध और पुलिस की लाठीचार्ज की खबर पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374