बरेली : फरीदपुर के एक इंटर कॉलेज में डीएलएड द्वितीय वर्ष की अंतिम परीक्षा देने गई 23 वर्षीय छात्रा की शुक्रवार शाम लापता होने के बाद शनिवार को खेत में हत्या कर शव फेंक दिया गया। मृतका के गले पर कसाव के निशान, कोहनी व घुटनों पर चोटों के साथ घिसटने के स्पष्ट निशान मिले हैं। पुलिस हत्या की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, शीशगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती शुक्रवार को फरीदपुर के इंटर कॉलेज में परीक्षा देने गई थी। परीक्षा के बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने रात भर तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह परिजन फरीदपुर थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। देर शाम शव मिलने की सूचना मिलने पर परिजन मोर्चरी पहुंचे और शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। देर रात वे दोबारा सीबीगंज थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी।
घटनास्थल पर संघर्ष के सबूत
पुलिस ने बताया कि मृतका के शव के गले पर स्ट्रैंगलिंग (कसाव) के निशान हैं। कोहनी और घुटनों पर चोटें व घिसटने के निशान हैं, जो साफ इंगित करते हैं कि हत्या से पहले युवती ने बचने के लिए काफी संघर्ष किया। मृतका की मुट्ठी में घटनास्थल की मिट्टी भरी हुई मिली है और आसपास की घास भी टूटी पड़ी थी, जो संघर्ष की पुष्टि करती है।
पुलिस की कार्रवाई
सीबीगंज पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। मृतका के परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सर्विलांस टीम लगाई गई है और हत्यारोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद आगे की दिशा तय की जाएगी। पुलिस हत्या की पृष्ठभूमि में किसी पुरानी दुश्मनी या अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374