जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शुक्राना यात्रा के दौरान आज जालंधर और फरीदकोट में हैं। इसी बीच दोनों जिलों के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरे ई-मेल में सीएम भगवंत मान और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को कार बम से उड़ाने की भी बात कही गई है।
जालंधर में बीएसएफ चौक के पास एक्टिवा ब्लास्ट के महज कुछ दिन बाद अब निजी स्कूलों को मिली बम धमकियों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बीएमसी चौक स्थित एपीजे स्कूल को ई-मेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिली। धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत सभी छात्रों की छुट्टी कर दी और उन्हें घर भेज दिया।
स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्कूल परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
एडीसीपी आकर्षि जैन ने बताया कि शहर के 5-6 स्कूलों को इसी तरह की बम धमकियां मिली हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं। साइबर क्राइम टीम धमकी वाले ई-मेल की ट्रेसिंग में जुटी हुई है।
छुट्टी के बाद बच्चे बताते हैं कि उन्हें स्कूल में मैसेज दिखाकर कहा गया कि “स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है”, जिसके बाद तुरंत छुट्टी कर दी गई। इस घटना से अभिभावकों में भारी दहशत और चिंता का माहौल है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374