गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि वे परेशान न हों, सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से लोगों से मुलाकात की, उनके प्रार्थना पत्र हाथों में लेकर अवलोकन किया और विभिन्न मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को पत्र संदर्भित कर हस्तगत किए। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सभी शिकायतों और समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिप्रद तरीके से किया जाए।
जनता दर्शन में कई लोग इलाज संबंधी आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनसे आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली और पास में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें इलाज के लिए किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल का अनुमान मिलते ही विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी। सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा, “जनता की हर पीड़ा का निवारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
इस दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ आई थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्यार भरा आशीर्वाद दिया और उन्हें चॉकलेट बांटी। एक महिला के साथ आए दो बच्चों से उन्होंने हंसी-ठिठोली भी की और स्कूल नियमित रूप से जाने के लिए प्रेरित किया।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374