हापुड़ : राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक पूरे परिवार को भारी क्षति पहुंची। पिलखुवा के मुंशीनगर धोबीघाट निवासी शाकिर (40) अपनी पत्नी शाइस्ता (36), बेटे सुब्हान (12) और बेटी सनाया (9) के साथ बाइक से नहटौर (बिजनौर) जा रहे थे।
इस दौरान गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में उप कृषि मंडी के सामने सुबह करीब 7:45 बजे पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 12 वर्षीय बालक सुब्हान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शाकिर, शाइस्ता और सनाया गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मचा कोहराम
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पिलखुवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का बयान
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हम सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे हैं।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374