लखनऊ : उत्तर प्रदेश में नौतपा की शुरुआत सोमवार से हो गई है। नौतपा के पहले दिन ही प्रदेश के 33 जिलों में गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 10 जिलों में लू का रेड अलर्ट और 23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के दक्षिणी और बुंदेलखंड क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, जबकि तराई तथा पूर्वांचल के कुछ जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है। 25 मई से 2 जून तक चलने वाले नौतपा के दौरान गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
कल रहा गर्मी का चरम
रविवार को बुंदेलखंड और दक्षिणी UP में तापमान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।
सर्वाधिक तापमान वाले जिले:
बांदा — 46.8°C
प्रयागराज — 45.6°C
झांसी — 45.6°C
हमीरपुर — 45.6°C
उरई — 45.6°C
आगरा — 45.4°C
इन इलाकों में दिनभर लू चली, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कहां-कहां है अलर्ट?
🔴 रेड अलर्ट (लू):
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही और आसपास के क्षेत्र।
🟠 ऑरेंज अलर्ट (लू):
सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्र।
⛈️ आंधी-बारिश का अलर्ट:
तराई और पूर्वांचल के 14 जिलों में तेज आंधी (40-60 किमी/घंटा), गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुरवा हवाओं और नमी की वजह से तराई क्षेत्रों में मौसम बदल रहा है, जबकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में अभी लू और गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।
सावधानी का आग्रह
मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचने, खूब पानी पीने और हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनने की सलाह दी है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374