सड़क हादसे में एक और जिंदगी चली गई। बेला-कानपुर मार्ग पर तेज रफ्तार डीसीएम की जोरदार टक्कर से बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। फरार चालक की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे बेला कस्बे में कानपुर रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने यह दर्दनाक हादसा हुआ। डीसीएम ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार आशीष यादव उर्फ यदुवीर (35), पुत्र अशोक कुमार, निवासी गांव माखनपुरवा (थाना बेला) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को बेला के निजी अस्पताल (नवजीवन अस्पताल) पहुंचाया। हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल औरैया रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक बृजभूषण तिवारी घायल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उपचार के दौरान देर रात आशीष यादव की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। परिजन भी अस्पताल पहुंचकर रो-रोकर बेबसी जता रहे थे।
पुलिस ने मौके से डीसीएम वाहन को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और फरार डीसीएम चालक की तलाश जोर-शोर से की जा रही है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374