सरोजनीनगर क्षेत्र के कमलापुर गांव में एक 40 वर्षीय राजमिस्त्री ने मंगलवार देर रात घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बिजनौर जिले के कमलापुर गांव निवासी रामखेलावन के रूप में हुई है।
परिवार के अनुसार, रामखेलावन मंगलवार रात शराब पीकर घर लौटे। खाना खाने के बाद वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बरामदे में सो गए। रात करीब 12:30 बजे वह उठकर कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
जब पत्नी फूलमती ने दरवाजा खटखटाया तो रामखेलावन ने बताया कि “बिजली का तार निकल गया है, उसे लगा रहा हूँ”। कुछ देर बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो फूलमती ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर छत में लगे छल्ले से साड़ी के फंदे पर रामखेलावन का शव लटकता मिला।
परिजनों ने तुरंत उन्हें फंदे से उतारा और सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच
बिजनौर थाने के इंस्पेक्टर कपिल गौतम ने बताया कि शुरुआती जांच में रामखेलावन शराब पीने के आदी थे। संभवतः शराब की लत ही आत्महत्या की वजह रही हो सकती है। हालांकि, आत्महत्या के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।
रामखेलावन अपने परिवार में पत्नी फूलमती, दो बेटियों वैष्णवी व किंजल तथा बेटे आरुष के साथ रहते थे।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम करा रही है और आगे की जांच कर रही है।
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374