Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

जालौन : बेटे ने रॉड से सिर पर मारा वार, पिता की मौत - INA NEWS

जालौन (उरई):  एक पारिवारिक विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया। कोतवाली क्षेत्र के जगतपुरा गांव में अलग रहने और अलग खाना बनाने को लेकर हुए झगड़े में बेटे ने पिता पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें पिता की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (धारा 304) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक संदीप कुमार (45) जगतपुरा गांव निवासी थे। वे अपनी पत्नी अमरवती और तीन बेटों सौरभ (21), कल्लू (16) तथा शिवम (12) के साथ रहते थे। 7 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे घर में केवल संदीप कुमार और सौरभ ही मौजूद थे। अमरवती बाहर गई हुई थीं।

इसी दौरान अलग रहने और अलग खाना बनाने की बात को लेकर पिता-पुत्र में तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ते ही दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। गुस्से में आकर सौरभ ने लोहे की रॉड से पिता संदीप के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना भीषण था कि संदीप कुमार मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
सौरभ घटना के बाद घर से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब अमरवती घर लौटीं तो पति को खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़ा देख शोर मचाया। परिजनों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल उरई पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें झांसी रेफर कर दिया। इलाज के दौरान बुधवार रात संदीप कुमार ने दम तोड़ दिया।

गुरुवार सुबह जब शव गांव पहुंचा तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी अमरवती ने थाने में तहरीर देकर बेटे सौरभ पर आरोप लगाया। पुलिस ने कोतवाली में सौरभ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

अमरवती ने बताया कि सौरभ पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और ग्वालियर में उसका इलाज चल रहा था। हाल के दिनों में वह नियमित दवा नहीं ले रहा था, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ गई थी।

कोतवाली प्रभारी अधिकारी शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि घटना की प्रारंभिक सूचना पुलिस को नहीं मिली थी। संदीप की मौत के बाद ही मामला संज्ञान में आया। अब आरोपी सौरभ से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति और इलाज के रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments