Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

कानपुर : GST चेकिंग पर ट्रक ड्राइवर ने राज्य कर अधिकारी को पीटा - INA NEWS

कानपुर : चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां गणेशपुर रोड पर राज्य कर विभाग की टीम पर हमला किया गया। चेकिंग के दौरान ट्रक चालक और उसके साथियों ने राज्य कर के सहायक आयुक्त को अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी।
घटना बीती 18 अप्रैल की शाम की है। राज्य कर विभाग की सचल दल दशम इकाई के सहायक आयुक्त योगेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ गणेशपुर रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक ट्रक में पेट बोतल स्क्रैप लदा है, जिसमें बिल और ई-बिल कहीं और का बना हुआ है तथा माल की लोडिंग गलत जगह से हो रही है।

टीम ने ट्रक को रोका और चालक से संबंधित दस्तावेज मांगे। चालक ने कोई वैध कागजात नहीं दिखाए। सहायक आयुक्त योगेंद्र कुमार ने तुरंत GST पोर्टल पर जांच की तो पता चला कि ई-बिल बिहार की फर्म सुशील ट्रेडर्स द्वारा जारी किया गया था। इसमें दिखाया गया था कि माल फतेहपुर से दिल्ली की फर्म विनोद इंटरप्राइजेज को भेजा जा रहा है।

जब अधिकारी ने ट्रक को आगे की जांच के लिए रोका रखा, तब ट्रक चालक और उसके साथियों ने अभद्रता शुरू कर दी और सहायक आयुक्त योगेंद्र कुमार के साथ मारपीट कर दी।
सहायक आयुक्त योगेंद्र कुमार ने चकेरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अधिकारी का बयान:
सहायक आयुक्त योगेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रक में स्क्रैप की लोडिंग अवैध तरीके से हो रही थी और ई-बिल में गड़बड़ी थी। जब हमने दस्तावेज मांगे तो चालक और उसके साथियों ने न केवल कागजात देने से इनकार कर दिया, बल्कि हम पर हमला भी बोल दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ट्रक ड्राइवर और उसके साथियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में GST चोरी और अधिकारी पर हमले दोनों धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments