मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र के गांव समसो में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। बच्चों को स्कूल ले जा रही एक प्राइवेट स्कूल वैन में अचानक आग लग गई। हादसे में वैन में सवार पांच बच्चे और चालक गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, गांव समसो से आशीष इंग्लिश एकेडमी जा रही स्कूल वैन हरिनगर-झबरपुर मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंची ही थी कि वैन से धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत ब्रेक लगाए, लेकिन कुछ ही पलों में तेज लपटें उठने लगीं। वैन में सवार छोटे-छोटे बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों और चालक को बाहर निकाला। लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य में शामिल हुई।
झुलसे हुए पांच बच्चों और चालक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गनीमत रही कि समय रहते सभी को वैन से बाहर निकाल लिया गया, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वैन की तकनीकी स्थिति तथा फिटनेस को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।
यह घटना स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है। अभिभावक अब स्कूल ट्रांसपोर्ट की सुरक्षा मानकों पर सख्ती से सवाल उठा रहे हैं।
.png)
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374