प्रयागराज (यूपी): करेली थाना क्षेत्र के गौसनगर स्थित बिस्मिल्ला चौराहे के पास बुधवार शाम को प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने चाय की दुकान पर बैठे इरफान के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही इरफान खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक इरफान ऐनुद्दीनपुर मोहल्ले में अपनी पत्नी मंगरुल निशा के साथ रहते थे। उनके दो बेटे मोहम्मद आमिर व फैसल तथा दो बेटियां हैं। घटना के समय इरफान घर से महज 50 मीटर दूर एक दुकान पर चाय पी रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे अचानक दो बाइक पर चार नकाबपोश युवक पहुंचे। एक बदमाश बाइक से उतरकर इरफान के पास गया और उनके बाएं सीने में गोली दाग दी। इसके बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह जमीन विवाद हो सकता है। मृतक मोहम्मद इरफान माफिया अतीक अहमद के करीबी थे और अतीक के भाई अशरफ के ड्राइवर रह चुके थे। FIR में अतीक गैंग से जुड़े आसिफ दुर्रानी (चकिया निवासी) और उसके भाई रशीद समेत अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य और एडीसीपी राजकुमार मीना समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने इलाके के 30 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी है।
परिजनों में शोक की लहर है। बेटे मोहम्मद आमिर की तहरीर पर करेली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब हत्या के पीछे की साजिश और जमीन विवाद के एंगल को गहराई से जांच रही है।
यह वारदात प्रयागराज के व्यस्त इलाके में होने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
.png)
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374