रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार रात करीब 8 बजे एक के बाद एक चार वाहनों की जोरदार टक्कर के बाद बोलेरो में भीषण आग लग गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें बोलेरो में सवार 9 लोग जिंदा जलकर मारे गए।
जानकारी के अनुसार, गिट्टी लदा ट्रेलर घाटी से नीचे उतर रहा था। उसके पीछे स्विफ्ट कार चल रही थी। स्विफ्ट के पीछे दाल लदा ट्रक और ट्रक के पीछे बोलेरो आ रहा था। अचानक दाल लदे ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। ट्रक ने आगे चल रही स्विफ्ट कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्विफ्ट ट्रेलर से टकरा गई। पीछे से आ रही बोलेरो भी अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई और देखते-ही-देखते पूरा वाहन आग का गोला बन गया। बोलेरो में सवार 9 लोग अंदर ही फंस गए और जलकर मारे गए। ट्रक चालक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन बोलेरो सवारों को मौका नहीं मिल सका।
मृतकों की जानकारी
बोलेरो में 9 शव बरामद: 2 महिलाएं, 2 बच्चे और 5 पुरुष। सभी शव बुरी तरह जल चुके हैं, पहचान में दिक्कत हो रही है।
स्विफ्ट कार चालक जयप्रकाश (26) पुत्र मुन्नर, निवासी परसिया दुबे, राबर्ट्सगंज (सोनभद्र) की मौत।
ट्रक का खलासी भी हादसे में मारा गया।
राहत-बचाव कार्य
स्थानीय लोगों ने तुरंत सूचना दी। ड्रमंडगंज, हलिया समेत आसपास के थानों की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दो दमकल गाड़ियां घंटों तक मशक्कत करती रहीं। आग पर काबू पाने के बाद शव निकाले गए।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया।पुलिस का बयान
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। पुलिस सभी शवों की शिनाख्त कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तुरंत मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374