जनपद गोरखपुर में रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के काशीराम आवास में मंगलवार देर रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में घर लौटे युवक रमेश बेलदार की अपनी पत्नी और बेटों ने डंडों से बुरी तरह पिटाई कर दी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मृतक की पत्नी गीता बेलदार और एक बेटे पंकज बेलदार को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे बेटे की तलाश जारी है।
मंगलवार रात करीब 12:30 बजे रमेश बेलदार (मजदूर) शराब पीकर घर पहुंचे। घर में किसी बात को लेकर उनकी पत्नी से बहस शुरू हो गई। शराब के नशे में रमेश गाली-गलौज करने लगे और पत्नी को मारने भी चले।
परेशान पत्नी और बेटों ने विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया। गुस्से में आकर पत्नी और दोनों बेटों ने डंडों व अन्य सामान से रमेश की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट इतनी तेज थी कि रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन हालत बिगड़ने पर उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक पूछताछ में पत्नी ने बताया कि पति रोज शराब पीकर आते थे और घर में सभी से मारपीट व गाली-गलौज करते थे। इसी आदत से तंग आकर यह घटना हो गई।
रामगढ़ताल थाना पुलिस ने तुरंत मृतक की पत्नी गीता बेलदार को हिरासत में ले लिया। बुधवार सुबह एक बेटे पंकज को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे बेटे की तलाश में छापेमारी जारी है।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके के लोग इस घटना से काफी सदमे में हैं। कई लोग कह रहे हैं कि रमेश की शराब की लत लंबे समय से परिवार के लिए सिरदर्द बनी हुई थी।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374