अयोध्या तीन दिनों तक चलने वाला यह आलोक पर्व न केवल श्रद्धा का उत्सव होगा, बल्कि विश्व को यह संदेश भी देगा कि राम की नगरी केवल इतिहास नहीं, जीवंत अध्यात्म है।
लेजर शो, ड्रोन शो और प्रोजेक्शन मैपिंग रामकथा के प्रसंगों को सजीव करेंगे, जैसे आकाश स्वयं श्रीराम के आगमन की कथा सुना रहा हो। ये आयोजन शुक्रवार से शुरू हो जाएंगे। विदेशी कलाकारों की रामलीला भी इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। 18 व 19 अक्तूबर को रामकथा पार्क सहित अन्य मंचों पर विदेशी कलाकार रामकथा का मंचन करेंगे। जहां भिन्न भाषाओं में एक ही भाव प्रतिध्वनित होगा “जय श्रीराम”। नगर की सड़कों पर पुष्पों की वर्षा, मंदिरों में गूंजते मंगल गीत, और गलियों में झिलमिलाती रोशनी अयोध्या को साक्षात स्वर्ग का रूप देंगी। राम कथा पार्क में वृहद मंच और तुलसी उद्यान, बड़ी देवकाली और गुप्तार घाट पर मध्यम मंच स्थापित किए जा रहे हैं। इन मंचों पर भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित नाट्य मंचन होंगे। सात छोटे मंच भी बनाए जा रहे हैं। यहां अयोध्या और आसपास के जिलों के कलाकार पारंपरिक लोकगीत, नृत्य और नाट्य प्रदर्शन करेंगे।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374