सीतापुर : कुंवरगड्डी क्षेत्र के जजौर गांव में स्थित एक फार्महाउस के कमरे के बाहर रविवार सुबह चारपाई पर किसान का शव पड़ा मिला। शरीर पर धारदार हथियार के निशान थे, पुलिस ने केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र के गांव टिकौली ईश्वरदीन (50) जजौर गांव में अमित दीक्षित के फार्म पर रुकते थे। अमित का नौ बीघा खेत ईश्वरदीन ने बटाई पर ले रखा था। उसकी रखवाली के लिए बाग में एक कमरा बनाकर उसी में रहते थे। फार्महाउस में ट्यूबवेल भी लगा हुआ है। उसके पास ही रविवार सुबह ईश्वरदीन का खून से सना हुआ शव चारपाई पर पड़ा मिला। उनके माथे व आंख के पास चोट के निशान पाए गए हैं।
जानकारी पर स्थानीय पुलिस, एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने साक्ष्य जुटाते हुए परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं।
थानाध्यक्ष रोहित दुबे ने बताया कि मृतक के पुत्र रवि की तहरीर के आधार पर गांव के दो नामजद व अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। नामजद आरोपियों का ईश्वरदीन से कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसकी जांच की जा रही है।
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374