DELHI : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर थीं। उज्जैन में महाकाल दर्शन के बाद वह रतलाम और फिर इंदौर पहुंचीं और रोड शो किया। इंदौर में रैली से पहले उन्होंने यहां अपनी दादी इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। रतलाम में सभा खत्म होने के बाद वे महिलाओं से मिलने के लिए पहुंच गईं। महिलाएं उनसे मिलने को आतुर थीं, लेकिन बीच में सुरक्षा के लिए करीब पांच फीट ऊंची बैरिकेडिंग लगी हुई थी। बांस-बल्लियों के इस बैरिकेडिंग को तत्काल खोलना संभव नहीं था, ऐसे में महिलाओं का उत्साह देख कर प्रियंका गांधी बैरिकेडिंग फांद कर उनसे मिलने जा पहुंचीं।
प्रियंका के अचानक ऐसे बैरिकेडिंग फांदने के दौरान थोड़ी देर के लिए सुरक्षाकर्मी भी सकते में आ गए थे। प्रियंका भीड़ के बीच घुसीं, महिलाओं से हाथ मिलाया और उनसें बातें भी कीं। रतलाम में सभा से पहले प्रियंका गांधी ने इंदौर में मोदी समर्थकों से भी हाथ मिलाया।
दरअसल, वह एयरपोर्ट से निकलीं तो रामचंद्र नगर चौराहे के पास कुछ लोग मोदी-मोदी का नारा लगाने लगे। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। प्रियंका इस हूटिंग से नर्वस नहीं हुईं, बल्कि ऐसा देख प्रियंका ने अपना काफिला रुकवाया। वह कार से उतरीं और उन लोगों के पास पहुंचकर सभी से हाथ मिलाया। प्रियंका ने उन लोगों से कहा कि आप अपनी जगह, मैं अपनी जगह। इस पर मोदी समर्थकों ने भी 'वैरी गुड' कहा। प्रियंका इस बात पर हंस दी और उन्हें ऑल द बेस्ट कहकर वहां से रवाना हो गईं।
इससे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने उज्जैन पहुंचकर महाकाल मंदिर में विशेष पूजा की। इस दौरान प्रियंका के साथ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मौजूद थे। दोनों ने शिवलिंग पर जल चढ़ाया। इसके बाद प्रियंका चुनावी दौरे पर निकल पड़ीं।
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374