दरोगा की लोडेड रिवाल्वर से चली गोली, तीन पुलिसकर्मियों समेत 6 घायल

मैनपुरी -  यूपी के मैनपुरी जिले में दरोगा की लोडेड रिवाल्वर से गोली चल गई। इसकी वजह से चौकी में मौजूद तीन पुलिसकर्मियों समेत छह लोग घायल हो गए।  घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इसकी जानकारी मिलते ही एसपी जिला अस्पताल पहुंचे।

एसपी ने घायलों से उनका हालचाल जाना। एसपी का कहना है कि गोली कैसे चली इसकी जांच कराई जा रही है। जिन्हें गोली लगी है उनकी हालत सामान्य है। 


बताया गया कि मैनपुरी में आगरा गेट चौकी इंचार्ज सतेंद्र पाल सिंह शहर कोतवाली में अपनी सरकारी रिवाल्वर लेने के लिए बुधवार को पहुंचे थे। 

इसी बीच रिवाल्वर से फायर हो गया। इस वजह से बरामदे में बैठे दरोगा आरके सिंह भदौरिया, सिपाही रामब्रेश यादव, श्याम वीर सिंह और होमगार्ड सुमन कुमारी, धीरेंद्र सिंह, अनिल किशोर यादव को छर्रे लग गए। 

सभी घायलों को आनन फानन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी होने पर एसपी अजय शंकर राय ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।