Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

प्रयागराज : मानकों के उल्लंघन पर कोचिंग संस्थानों पर शिकंजा, तीन संस्थान सील - INA NEWS

प्रयागराज : प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने मानक के विपरीत संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को सिविल लाइंस क्षेत्र में तीन प्रमुख कोचिंग संस्थानों खान ग्लोबल स्टडीज, राव आईएएस और पितृ छाया को सील कर दिया गया।

पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषि राज ने बताया कि खान ग्लोबल स्टडीज में एक ही कमरे में करीब एक हजार छात्रों के लिए लकड़ी की मेजें लगाई गई थीं। जगह बेहद सीमित होने के कारण किसी भी आपात स्थिति में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना मुश्किल था। जांच में अग्नि सुरक्षा के कोई इंतजाम भी नहीं मिले। राव आईएएस में भी मानकों का उल्लंघन पाया गया, जबकि पितृ छाया कोचिंग आवासीय भवन में चलाई जा रही थी।

छात्रों को कक्षा के बीच में निकाला बाहर
पीडीए टीम जब खान ग्लोबल स्टडीज पहुंची तो वहां कक्षाएं चल रही थीं। सीलिंग से पहले सभी छात्रों को बाहर निकाला गया। कोचिंग में केवल एक सीढ़ी होने के कारण इतनी बड़ी संख्या में छात्रों को बाहर निकलने में काफी समय लगा। छात्रों को बाहर निकालने के बाद ही संस्थान को सील किया गया। अन्य दो संस्थानों में भी लगभग यही स्थिति रही।

लखनऊ अग्निकांड के बाद सख्ती
लखनऊ में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रयागराज में भी कोचिंग संस्थानों की व्यापक जांच शुरू की गई है। अग्निशमन विभाग की टीम ने मंगलवार को पूरे जिले में 23 संस्थानों की जांच की। इनमें से 13 कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की गंभीर कमी पाई गई। इन सभी को नोटिस जारी कर सात दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में सुधार न करने पर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कर्नलगंज और टैगोर टाउन क्षेत्रों में जांच की। कई जगहों पर फायर सेफ्टी उपकरण तो मौजूद थे, लेकिन वे खराब हालत में थे। अतिरिक्त निकास द्वार, पानी की व्यवस्था, अग्निशमन यंत्र और इमरजेंसी लाइटिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी पाई गई। कुछ संस्थान जांच के समय बंद मिले, जिनकी सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है।

पीडीए की चेतावनी
पीडीए ने शहर के सभी कोचिंग संस्थानों को नोटिस जारी कर साफ चेतावनी दी है कि मानकों के विपरीत संचालन तुरंत बंद करें। पूरे मानक पूरे करने के बाद ही कक्षाएं शुरू की जाएं। बुधवार को भी कोचिंग संस्थानों की जांच जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments