अलीगढ़ : देश भर में बेड एंड ब्रेकफास्ट होम स्टे में हाल ही में हुए हादसों के बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा होटल उद्योग को निशाना बनाए जाने के विरोध में अलीगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। एसोसिएशन ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर सरकारी विभागों पर अनावश्यक उत्पीड़न और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगाए।
एसोसिएशन के चेयरमैन एवं पर्यटन सलाहकार पंकज धीरज ने सरकार से मांग की कि हर जिले में होटल संचालकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक नोडल प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त किया जाए।
"चाबियां सौंप देंगे" की चेतावनी
प्रेस वार्ता में संचालकों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो वे अपने प्रतिष्ठानों की चाबियां मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को सौंप देंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मानव महाजन ने कहा, विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा सिर्फ होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री को टारगेट बनाना बेहद निंदनीय है। ऐसा किस कानून या संविधान में लिखा है कि अग्निकांड केवल होटल और रेस्टोरेंट में ही हो सकता है? क्या स्कूल, अस्पताल, अपार्टमेंट, शोरूम, बैंक और सरकारी भवनों में हादसे नहीं हो सकते? फिर कार्रवाई की गाज सिर्फ हम पर ही क्यों गिरती है?
उद्योग पर एकतरफा कार्रवाई का विरोध
मानव महाजन ने आगे कहा कि होटल उद्योग को लगातार परेशान किया जा रहा है, जबकि अन्य क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। एसोसिएशन ने मांग की कि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए समान नीति अपनाई जाए और होटल संचालकों के खिलाफ अनावश्यक छापेमारी एवं उत्पीड़न बंद किया जाए।
अलीगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के इस विरोध प्रदर्शन से होटल उद्योग में व्यापक चर्चा छिड़ गई है। संचालक अब प्रदेश स्तर पर भी आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374