कानपुर : फीलखाना इलाके के सवाई सिंह का हाता में होजरी कारोबारी विजय कुमार चौरसिया का खून से लथपथ शव मिला है। पुलिस प्रारंभिक जांच में उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या किए जाने की आशंका जता रही है। इलाके के लोगों ने गोली चलने की आवाज भी सुनी होने की बात कही है। इस हत्याकांड से इलाके के होजरी व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए कारोबारियों ने विरोध स्वरूप दुकानें बंद कर दीं।
जैसे ही हत्या की सूचना मिली, परिजन, रिश्तेदार, दोस्त और व्यापारी उर्सला अस्पताल पहुंच गए। खून से सने शव को देखते ही परिजनों और दोस्तों में चीख-पुकार मच गई। एक-दूसरे के कंधे पर सिर रखकर फूट-फूटकर रोते दोस्तों ने बताया कि विजय कुमार केवल अपने कारोबार से मतलब रखते थे। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वे हंसमुख, मददगार और बेहद व्यवहारकुशल व्यक्ति थे।
दोस्तों का आरोप है कि हत्यारोपियों को पता था कि अगर शिवाला इलाके में कांड किया तो वे बच नहीं पाएंगे। इसलिए उन्होंने विजय को धोखे से सवाई सिंह हाते वाली गली में किसी मकान में ले जाकर उनकी निर्मम हत्या कर दी।आक्रोशित परिजनों और दोस्तों ने मांग की है कि हत्यारोपियों को भी उसी बेरहमी से सजा दी जाए जिस तरह विजय का कत्ल किया गया।
अस्पताल में मौजूद विजय की मां मीरा और पत्नी नेहा समेत अन्य महिलाएं फूट-फूटकर रो रही थीं। महिलाएं एक-दूसरे को ढांढस बंधाती नजर आ रही थीं, लेकिन दर्द और आक्रोश से उनका बुरा हाल था।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374