कानपुर: विनायकपुर के पंचवटी स्थित होटल रिद्धि पैलेस में पुलिस ने शुक्रवार शाम छापेमारी कर बड़े जिस्मफरोशी रैकेट और हिडन कैमरा नेटवर्क का खुलासा किया है। होटल संचालक प्रमोद गुप्ता को मास्टरमाइंड बताते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके मोबाइल से करीब 250 अश्लील वीडियो बरामद हुए हैं, जिन्हें वह विभिन्न वेबसाइट्स पर बेचता था।
पुलिस के अनुसार, प्रमोद गुप्ता ने होटल को करीब ढाई महीने पहले किराए पर लिया था। उसने होटल के सभी 10 कमरों में हिडन कैमरे लगाए थे। ये कैमरे बेड के सामने लगे एलईडी टीवी के नीचे रखे सेट टॉप बॉक्स के एडॉप्टर में छिपाए गए थे। ग्राहकों की गतिविधियों को चोरी-छिपे रिकॉर्ड कर ये वीडियो ऑनलाइन साइट्स को बेचे जाते थे।
पुलिस ने जाल बिछाकर पकड़ा
क्राइम ब्रांच और रावतपुर पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि होटल में जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा है। टीम ने जाल बिछाया। एक पुलिसकर्मी को कस्टमर बनाकर भेजा गया। होटल में 1200 रुपये बताए गए, बाद में 1000 रुपये में डील फाइनल हुई। पुख्ता सूचना मिलते ही टीम ने छापा मारा। तीन कमरों में युवक-युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया।
छापेमारी के दौरान होटल संचालक प्रमोद गुप्ता के मोबाइल की जांच की गई। शुरू में वह पासवर्ड देने से हिचकिचा रहा, लेकिन सख्ती पर मोबाइल खुलवाया गया तो गैलरी में दर्जनों अश्लील वीडियो मिले। इसके बाद होटल के सभी कमरों की तलाशी ली गई तो एडॉप्टर में लगे हिडन कैमरे बरामद हुए।
तीन महिलाएं थीं दलाल
पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें प्रमोद गुप्ता, तीन महिलाएं और एक अन्य व्यक्ति शामिल है। तीनों महिलाएं फैक्टरियों में काम करने वाली गरीब युवतियों को आर्थिक प्रलोभन देकर इस धंधे में उतारती थीं। युवतियों को संबंध बनाने पर 500 रुपये दिए जाते थे, जबकि ग्राहकों से 1000 से 1500 रुपये वसूले जाते थे। बाकी पैसे का बंटवारा प्रमोद गुप्ता, दलाल महिलाओं और अन्य के बीच होता था।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि होटल में इस तरह का रैकेट चलने की सूचना मिल रही थी। छापेमारी में सबूत मिलने के बाद आगे की जांच की जा रही है। भवन मालिक की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374