आगरा : पालीवाल पार्क में शराब पीते समय दोस्त की पत्नी पर अश्लील टिप्पणी करने के विवाद में एक व्यक्ति ने दूसरे को ईंट से सिर और चेहरे पर क्रूर प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय सोनू (महाराष्ट्र कॉलोनी निवासी) का शव रविवार सुबह पालीवाल पार्क में मिला था। शव के चेहरे पर गहरी चोटें थीं और सिर तथा हाथों को कुत्तों ने काटा हुआ था। शुरू में लग रहा था कि कुत्तों के हमले में उसकी मौत हो गई, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण चेहरे और सिर पर गहरी चोटें बताई गईं।
आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस ने महाराष्ट्र कॉलोनी निवासी सोनू के दोस्त अमूल राव उर्फ अनमोल (लंगड़े की चौकी निवासी) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई है।
क्या था पूरा मामला?
शनिवार को सोनू और अमूल दोनों बेलदारी का काम करने के बाद शाम को गधा पाड़ा रोड स्थित देसी शराब के ठेके पर शराब पीने गए। इसके बाद दोनों पालीवाल पार्क में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सोनू नशे में आरोपी की पत्नी के बारे में अश्लील टिप्पणी करने लगा।
इस पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोपी ने गुस्से में सोनू को थप्पड़ मारा, तो सोनू भी मारपीट करने लगा। इसी दौरान अमूल राव ने ईंट उठाकर सोनू के चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
साक्ष्य छिपाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए ईंट, शराब के खाली पैकेट और गिलास नाले में फेंक दिए। इसके बाद वह घर चला गया। रात 8 बजे वह सोनू के घर पहुंचा और परिवार वालों के साथ खुद सोनू को ढूंढने लगा, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस जांच
एडीसीपी क्राइम हिमांशु गौरव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की मौजूदगी मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अमूल राव ने पूरी घटना कबूल कर ली। न्यायालय ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374