बांदा : बकरीद से ठीक एक दिन पहले बिसंडा-ओरन रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हुए। हादसे के बाद कस्बे में यातायात करीब दो घंटे तक पूरी तरह ठप रहा। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों पर तत्काल नो-एंट्री लगाने और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
घटना बुधवार को बिसंडा-ओरन रोड पर हुई। पुलिस और प्रशासन के अनुसार, एक ओवरलोड ट्राला ने पहले एक साइकिल सवार रामेश्वर प्रसाद को टक्कर मार दी, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित ट्राला कुछ दूर आगे जाकर एक ई-रिक्शा से टकरा गया और पलट गया। इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
कोर्रही गांव में छाया मातम
हादसे का सबसे ज्यादा असर बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव पर पड़ा। चार मृतक इसी गांव के रहने वाले थे।
शबाना (40) अपने 10 वर्षीय बेटे शहबाज और तीन माह की बेटी साफिया के साथ बकरीद की खरीदारी करने बिसंडा आ रही थी। हादसे के समय शबाना ने अपनी गोद की मासूम बेटी को कसकर छिपा लिया, जिससे साफिया बच गई, लेकिन 10 वर्षीय शहबाज की मौत हो गई।
मुबीन (40) सऊदी अरब से छह साल बाद हाल ही में गांव लौटा था। बकरीद की खरीदारी के लिए वह भी बिसंडा जा रहा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। ई-रिक्शा चालक राकेश और अन्य यात्री ममता भी कोर्रही गांव के ही थे। सोहनलाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी पत्नी बौरी और बेटी शिवकाली गंभीर रूप से घायल हैं। पूरे गांव में मातम का माहौल है। त्योहार से ठीक पहले दो मुस्लिम परिवारों समेत कई घरों में चिराग बुझ गए हैं।
स्थानीय लोगों का गुस्सा
स्थानीय लोगों ने बताया कि कस्बे के अंदर से रोजाना ओवरलोड बालू ट्रक तेज रफ्तार से गुजरते हैं। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि अगर समय पर भारी वाहनों पर रोक लगाई जाती तो यह हादसा नहीं होता।
मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवराज और एडीएम मायाशंकर ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने मुआवजे के साथ-साथ कस्बे में तत्काल नो-इंट्री लागू करने की मांग पर अड़े रहे।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बताया, "घटना की जांच की जा रही है। पुलिस मौके पर मौजूद है और आवश्यक कार्यवाही चल रही है।"
जिला खनिज अधिकारी राज रंजन ने कहा कि ट्राला के कागजात चेक किए गए। गाड़ी में रॉयल्टी थी, लेकिन वह अंडरलोड थी।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने और घायलों के इलाज का भरोसा दिया है। पुलिस ने ट्राला चालक की तलाश शुरू कर दी है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374