मेरठ: पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर डौरली में रविवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड में एंबुलेंस सेवा की बड़ी लापरवाही सामने आई है। आग लगने की सूचना मिलने के बावजूद एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते पुलिसकर्मियों को घायलों को अपनी गाड़ियों से अस्पताल पहुंचाने की मजबूरी हो गई।
घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। मकान में लगी आग से घर के अंदर सो रहे 12 लोग धुएं की चपेट में आकर अचेत हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक कोई एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। घायलों की हालत बिगड़ती देख स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें अपनी वाहनों से मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने घटना के बाद एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय पर सक्रिय न होती तो कई और लोगों की जान जा सकती थी। पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। आग की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374