हरदोई, 29 अप्रैल 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का भव्य लोकार्पण कर दिया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला।
पीएम मोदी ने कहा, "सपा कभी भी परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकती। ये लोग हमेशा विकास विरोधी राजनीति करेंगे। यूपी को सपा और उसके सहयोगियों से सावधान रहना है।"विकास की नई लाइफलाइन
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जिसे लगभग ₹36,230 करोड़ की कुल लागत से बनाया गया है। यह मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों से होकर गुजरता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं मानता हूं कि उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेस वे का ये वरदान ये भी मां गंगा का ही आशीर्वाद है। अब आप कुछ ही घंटों में संगम भी पहुंच सकते हैं, और काशी में बाबा के दर्शन करके भी वापस आ सकते हैं। जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से उत्तर प्रदेश और इस देश की जीवन रेखा रही है, वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में उनके समीप से गुजरता ये एक्सप्रेस वे UP के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा।"
यात्रा समय में बड़ी कमी
वर्तमान में मेरठ से प्रयागराज तक का सफर 10-12 घंटे लगता है।
गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद यह समय घटकर मात्र लगभग 6 घंटे रह जाएगा।
यह छह लेन वाला एक्सप्रेसवे न केवल यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाएगा, बल्कि औद्योगिक विकास, लॉजिस्टिक्स और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
उद्घाटन समारोह हरदोई जिले के मल्लावां क्षेत्र में आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री ने एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374