गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान बुधवार को गोरखनाथ मंदिर के सभाकक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विकास परियोजनाओं में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्ध पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
सीएम योगी ने कहा कि हर विकास परियोजना की एक निश्चित समय-सीमा होती है और उसे उसी अवधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मानसून को ध्यान में रखते हुए खास जोर दिया कि दो तिहाई से अधिक पूरी हो चुकी परियोजनाओं को बरसात शुरू होने से पहले फाइनल कर लिया जाए। उन्होंने कहा, “बरसात के मौसम में खुले निर्माण कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए जितना अधिक काम हो सके उसे मानसून से पहले पूरा कर लें।”
जलभराव की समस्या पर सख्ती दिखाते हुए सीएम योगी ने सभी नालों की सफाई का काम समय से पूरा करने और गोड़धोइया नाला परियोजना को गंभीरता से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में जलभराव नियंत्रण में अच्छा काम हुआ है, लेकिन इसे और बेहतर बनाना होगा ताकि बरसात में कहीं भी पानी न भरे।
सीएम योगी ने गोरखपुर के मिर्जापुर घाट हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चों के बचाव एवं राहत कार्य में तेजी लाएं। साथ ही आगामी पर्वों को देखते हुए सभी घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि अपने अगले गोरखपुर दौरे पर वे घंटाघर स्थित बंधु सिंह पार्क में बने मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण और पांडेयहाता क्षेत्र में बनने वाले नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास कर सकते हैं। उन्होंने नगर आयुक्त को इन कार्यक्रमों की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने विरासत गलियारा के निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की। पटरी कारोबारियों के व्यवस्थित पुनर्वास पर जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि वेंडिंग जोन में उन्हें सम्मानजनक जगह और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374