लखनऊ में शुक्रवार को चांद दिखने के बाद शनिवार को ईद मनाई जा रही है। रमजान के 30वें दिन चांद की पुष्टि हुई। सभी मस्जिदों में नमाज की तैयारी है। लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और सड़कों पर नमाज न पढ़ें।
रमजान का तीसवां रोजा शुक्रवार को मुकम्मल हो गया। शनिवार को पूरे जिले में ईद-उल-फितर की नमाज अदा होगी। ईद को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शहर में खुशी व उत्साह का माहौल है। ऐशबाग स्थित ईदगाह में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली सुबह 10 बजे नमाज अदा कराएंगे। 10:15 बजे सामूहिक दुआ होगी, जिसमें मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे के लिए दुआ की जाएगी।
ईद को लेकर शहर के बाजारों में खास रौनक देखने को मिली। अमीनाबाद, चौक, नक्खास और हजरतगंज जैसे इलाकों में देर रात तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। कपड़ों, जूतों, सेवइयों और मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। बच्चों और युवाओं में ईद को लेकर खास उत्साह देखा गया।
प्रशासन की ओर से भी ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुरक्षा और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नमाजियों की सहूलियत के लिए यातायात और पार्किंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। ईद-उल-फितर के मौके पर लोग एक-दूसरे को मुबारकबाद देंगे और गले मिलकर खुशियां साझा करेंगे, साथ ही जरूरतमंदों की मदद कर सामाजिक भाईचारे की मिसाल पेश करेंगे।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374