शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बट्सगंज (सिविल लाइन) में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक घटना घटी। 69 वर्षीय प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. राजेंद्र चौधरी ने अपने कमरे में खुद को लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उनका शव बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।
पुलिस के अनुसार, डॉ. राजेंद्र चौधरी खैराबाद में अपना निजी क्लीनिक चलाते थे और बाल रोग विशेषज्ञ (BAMS) के रूप में जाने जाते थे। घटना के समय उनकी पत्नी शक्ति चौधरी घर पर मौजूद थीं। डॉक्टर ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया था और कनपटी पर गोली चला दी। मौके पर रिवॉल्वर बरामद हुई, जिसमें एक गोली अटकी हुई थी। बिस्तर और कमरे में खून के निशान साफ दिख रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी विनायक गोपाल भोसले ने जांच की और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार में डॉक्टर की पत्नी के अलावा दो बेटे हैं, जो खुद चिकित्सक हैं और बाहर रहते हैं।
पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव की बात भी सामने आई है, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374