Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

सीतापुर : यूपी में सनसनीखेज वारदात, ससुर ने मां-बेटे को बांके से काट डाला - INA NEWS TV

सीतापुर : सीतापुर से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां पौत्र के रोने से परेशान एक बुजुर्ग का उसकी बहू से विवाद हो गया। आवेश में आकर उसने बहू और पौत्र पर बांके से ताबड़तोड़ कई वार कर डाले। पौत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बहू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने अधेड़ को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से ग्रामीण स्तब्ध हैं। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मामला तालगांव थाना क्षेत्र का है। गांव मोहरिया कलां के मजरा देवरिया निवासी कमलाकांत बुजुर्ग हैं। 

उसकी पत्नी रामदेवी ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह राशन लेने गईं थीं। इसी दौरान पता चला कि पति ने उसकी बहू और एक वर्षीय पोते पर बांके से गर्दन पर हमला कर दिया। जब वह घर पहुंची तो उसका पोता आयुष (1) और बहू शिखा (22) मरणासन्न हालत में पड़े थे। 

पुलिस पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिखा को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान बहू की भी मौत हो गई। उधर, डबल मर्डर की सूचना पाकर एसपी, सीओ लहरपुर यादवेंद्र यादव व अन्य पुलिसकर्मी गांव पहुंचे। 

आरोपी भागने की फिराक में था। वह पुलिस से बचने के लियेए छत पर चढ़ गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार किया। घटनास्थल की जांच के बाद एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि वृद्ध मनोरोगी था। अब तक की जांच में पता चला है कि घर में उसका पौत्र रो रहा था। 

इस बात पर उसका बहू से विवाद हो गया। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने दोनों पर बांके से प्रहार कर दिया। हमले में महिला व उसके बेटे की मौत हो गई। आरोपी को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।

तीन बेटे पंजाब में कर रहे नौकरी

आरोपी कमलाकांत की पत्नी रामदेवी ने बताया कि उसके तीन पुत्र हैं। शिखा के पति का नाम अक्षय है। इसके अलावा दो पुत्र अनुज व सत्यम हैं। तीनों पंजाब में नौकरी करते हैं। उसका घर बेटों की कमाई से ही चलता था। आरोपी कुछ भी नहीं कमाता था। अभी सिर्फ अक्षय का ही विवाह हुआ था।

पत्नी पर भी कर चुका है हमला

रामदेवी के मुताबिक उसका पति मनोरोगी नहीं है। लेकिन उसे अधिक गुस्सा आता है। एक बार गुस्से में उसने हंसिये से रामदेवी पर भी प्रहार किया था। उसके पास जमीन भी नहीं है। मौके पर बहू व ससुर में क्या बात हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल रामदेवी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

Post a Comment

0 Comments