DESK - प्रियंका गांधी वाड्रा की राजनीतिक पारी की शुरुआत होते ही उनपर राजनीतिक हमले भी शुरू हो चुके हैं। विपक्षी पार्टियां राहुल को छोड़ प्रियंका को निशाने पर ले रहे हैं। मगर इस मामले में भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ज्यादा मुखर नजर आ रहे हैं। पूर्वांचल के प्रभारी के रूप में प्रियंका के एलान के बाद से ही वह उनपर व्यक्तिगत हमले कर रहे हैं। 

शुक्रवार को उन्होंने प्रियंका का एक पुराना वीडियो साझा किया और लिखा कि यह वीडियो जैसा मिला वैसा ही साझा कर रहा हूं। वीडियो में प्रियंका गांधी खुद को बरसाती मेंढक कहती हुई दिख रही हैं। वह इस बात को स्वीकार करती हुई दिख रही हैं कि वह केवल चुनाव के मौसम में संचालन के लिए आती है। सोलह सेकंड के इस वीडियो को अबतक हजारों लोग देख चुके हैं। 

प्रियंका नेहरू-गांधी परिवार की 12वीं सदस्य हैं जो अपनी सियासी पारी का आगाज करने जा रही हैं। कैलाश विजयवर्गीय ने 23 जनवरी को लिखा कि कांग्रेस पर हमला बोलते हुए लिखा कि अब जीजाजी ही रह गए हैं, उन्हें कोषाध्यक्ष बना देना चाहिए। 

साथ ही, 24 जनवरी को कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने गुलाम नबी आजाद के 'प्रियंका को तुरुप का इक्का बताने वाले बयान पर लिखा कि आपके पास तो जोकर भी है।

इससे पहले बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि एक दागी जीवनसाथी वाली महिला को लांच करने से अगर कांग्रेस खुश है तो उन्हें यह खुशी मुबारक। इंदिरा गांधी से तुलना पर उन्होंने कहा कि इंदिरा के पति फिरोज गांधी अच्छे वक्ता और ईमानदार सांसद थे। उजबकि प्रियंका के व्यवसायी पति का जमीन घोटाला दो राज्यों तक फैला है और वह जांच का सामना कर रहे हैं।

इसके अलावा बिहार में भाजपा के कोटे से मंत्री विनोद नारायण झा ने कहा कि सुंदरता से चुनाव नहीं जीते जाते। प्रियंका सूंदर है मगर उनकी कोई राजनीतिक उपलब्धि नहीं है। उनके इस बयान के बाद नया विवाद छिड़ सकता है।